Author: admin
विद्यानिवास मिश्र व कपिला वात्स्यायन की बात – चीत
सानिध्य एवं सहभागिता
सहयोगी संस्थाएँ
Interview with Vidya Niwas Mishra | Writer & Editor
राजेंद्र प्रसाद स्मृति व्याख्यान माला भाग – २
गैलरी 2024
पं. विज्ञानिवास मिश्र की पुण्यतिथि पर 14 फरवरी 2023 को आयोजित संस्कृत कवि-गोष्ठी
विद्याश्री न्यास, श्रद्धानिधि न्यास एवं श्रमण विद्या संकाय, संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय, वाराणसी के संयुक्त तत्वावधान में पं. विद्यानिवास मिश्र की पुण्यतिथि पर 14 फरवरी 2023 को योग साधना केंद्र, सं. सं. विश्वविद्यालय में संस्कृत कवि सम्मान, पं. क्षेत्रेश चंद्र चट्टोपाध्याय स्मृति व्याख्यान एवं संस्कृत कवि-गोष्ठी का आयोजन किया गया। यह आयोजन सं. सं. विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. हरेराम त्रिपाठी की अध्यक्षता तथा मुख्य अतिथि के रूप में सोमनाथ संस्कृत विश्वविद्यालय के पूर्व कुलपति प्रो. गोपबंधु मिश्र एवं विशिष्ट अतिथि के रूप में संस्कृत विद्या धर्म विज्ञान संकाय के पूर्व संकाय प्रमुख प्रो. विंध्येश्वरी प्रसाद मिश्र के सारस्वत सानिध्य में संपन्न हुआ। आयोजन का शुभारंभ मंचस्थ अतिथियों द्वारा दीप-प्रज्ज्वलन तथा माँ सरस्वती एवं पंडित विद्यानिवास मिश्र के चित्रों पर माल्यार्पण, आ. लेखमणि त्रिपाठी के मंगलाचरण, बौद्ध दर्शन विभाग के बौद्ध मंगलाचरण, मंचस्थ अतिथियों के सम्मान तथा विद्याश्री न्यास एवं श्रद्धानिधि न्यास के सचिव डाॅ. दयानिधि मिश्र के भावपूर्ण स्वागत-भाषण से हुआ। इस अवसर पर 2021, 2022 एवं 2023 के पं. रामरुचि त्रिपाठी संस्कृत कवि सम्मान से क्रमशः प्रो. कौशलेन्द्र पाण्डेय, प्रो. उपेन्द्र पाण्डेय तथा डाॅ. गायत्री प्रसाद पाण्डेय को मंचस्थ अतिथियों ने माला, नारिकेल, उत्तरीय, पुस्तक, प्रतीक-चिह्न, प्रशस्ति-पत्र एवं सम्मान-राशि से समारोहपूर्वक सम्मानित किया। इसी क्रम में इस वर्ष संस्कृत विद्या युवा प्रतिभा सम्मान से पं. ऋषि कुमार द्विवेदी को और उत्तर प्रदेश संस्कृत संस्थान से विशिष्ट पुरस्कार-प्राप्त प्रो. हरिप्रसाद अधिकारी, प्रो. धर्मदत्त चतुर्वेदी तथा उत्तर प्रदेश हिंदी संस्थान से सौहार्द सम्मान-प्राप्त प्रो. पवन कुमार शास्त्री को भी सम्मानित किया गया। सम्मान-समारोह में प्रशस्ति-पत्र का वाचन प्रो. चंद्रकांता राय ने तथा शंखध्वनि एवं स्वस्ति-वाचन डाॅ. जयेन्द्रपति त्रिपाठी ने किया।
पं. क्षेत्रेश चंद्र चट्टोपाध्याय स्मृति व्याख्यानमाला के अंतर्गत ‘कवि-समय का प्रवाह’ विषय पर अपने सुचिन्तित व्याख्यान में प्रो. गोपबंधु मिश्र ने ‘कवि-समय’ या ‘कवि-प्रसिद्धि’ की अवधारणा को स्पष्ट करते हुए उसके काव्यशास्त्रीय ही नहीं समाजशास्त्रीय पक्षों को भी निरूपित किया। काल-प्रवाह में कवि-प्रसिद्धियों की सुदीर्घ यात्राएँ जीवन में, और जीवन के लिए, विश्वास के बल को ही नहीं ; तर्क की, निरर्थकता को भी बखानती हैं, और सबसे बड़ी बात है कि वे इसे विद्या-बल से नहीं, अपने रचनात्मक पराक्रम से संपन्न करती हैं। उन्होंने कवि-प्रसिद्धियों के तमाम प्रकारों और प्रकरणों का उल्लेख करते हुए कवि-कर्म में शामिल उन घटकों की भी चर्चा की, जिन्हें हम आम तौर पर कवि-समय के तौर पर न जानते हैं, न मानते हैं, लेकिन जिनका मूल चरित्र बहुधा और बहुलांश में वही है। ध्यातव्य है कि प्राकृतिक उपादानों से मानवीय रिश्ते कायम करने की परंपरा हमारे यहाँ अद्यावधि अबाधित है। विद्वान वक्ता ने इन कवि-समयों को तमाम भाषिक भिन्नताओं के रहते भारत की सांस्कृतिक एकता की पहचान के रूप में भी प्रस्तावित किया। विशिष्ट अतिथि के रूप में संबोधित करते हुए प्रो. विंध्येश्वरी प्रसाद मिश्र ने विभिन्न कवियों द्वारा एक ही कवि-समय के वैविध्यपूर्ण रचनात्मक उपयोग का सोदाहरण महत्त्वांकन करते हुए बताया कि कवि-प्रसिद्धियों को नित्य नूतन किए रखने की इस प्रविधि ने ही उन्हें काल-प्रवाह में निरन्तर उपस्थित रखा है। अपने अध्यक्षीय उद्बोधन में प्रो. हरेराम त्रिपाठी ने सबका समाहार करते हुए इस सारस्वत आयोजन को पं. विद्यानिवास मिश्र के वैदुष्य के अनुरूप बताया। विगत अठारह वर्षों से नियत तिथि को अनवरुद्ध चल रही यह संस्कृत काव्य-गोष्ठी अपने ढंग की अकेली भी है, अनूठी भी। उन्होंने स्मृति व्याख्यान के लिए कवि-समय के प्रवाह जैसे अत्यल्प-चर्चित विषय के चयन की भी प्रशंसा की और इस विषय के कुछ अछूते आयामों की तरफ भी संकेत किए।
संस्कृत कवि-गोष्ठी के अंतर्गत युवा कवियों के अतिरिक्त सर्वश्री कौशलेन्द्र पाण्डेय, उपेन्द्र पाण्डेय, गायत्री प्रसाद पाण्डेय, पवन कुमार शास्त्री, चंद्रकांता राय, विवेक कुमार पाण्डेय, उमाकांत चतुर्वेदी, कमला पाण्डेय, कमलाकांत त्रिपाठी, धर्मदत्त चतुर्वेदी, विजय कुमार पाण्डेय, शिवराम शर्मा, सदाशिव कुमार द्विवेदी, मनुलता शर्मा आदि ने शाश्वत-सामयिक विविध विषयों को लेकर भावपूर्ण काव्य-पाठ किया। इस आयोजन के कुशल संयोजन और संचालन प्रो. हरिप्रसाद अधिकारी ने किया। धन्यवाद-ज्ञापन प्रो. हरिकिशोर पाण्डेय ने किया।
सर्वश्री प्यारेलाल पाण्डेय, गोविन्द त्रिपाठी, गोविन्द मिश्र, अशोक सिंह, सुरेन्द्र प्रजापति, अशोक शुक्ल,पद उदयन मिश्र, ध्रुवनारायण पाण्डेय, प्रकाश उदय, प्रतीक त्रिपाठी एवं संस्कृत विश्वविद्यालय के छात्रों-शिक्षकों की उपस्थिति ने इस आयोजन की गरिमा की श्रीवृद्धि की।
मध्यकालीन कविता : अवधारणाओं का पुनराविष्कार तीन दिवसीय राष्ट्रीय संगोष्ठी एवं भारतीय लेखक-शिविर 14-16 जनवरी 2023
मध्यकालीन कविता : अवधारणाओं का पुनराविष्कार
तीन दिवसीय राष्ट्रीय संगोष्ठी एवं भारतीय लेखक-शिविर
14-16 जनवरी 2023
14 जनवरी 2023 को उत्तर प्रदेश हिंदी संस्थान, लखनऊ ; साहित्य अकादमी, नई दिल्ली ; लाल बहादुर शास्त्री स्नातकोत्तर महाविद्यालय, दीनदयाल उपाध्याय नगर, चंदौली और विद्याश्री न्यास के संयुक्त तत्वावधान में श्री धर्मसंघ शिक्षामंडल सभागार में ‘मध्यकालीन कविता : अवधारणाओं का पुनराविष्कार’ विषय पर केंद्रित राष्ट्रीय संगोष्ठी एवं भारतीय लेखक-शिविर का उद्घाटन अध्यक्ष प्रो. हरेराम त्रिपाठी, कुलपति, सं. सं. विश्वविद्यालय, वाराणसी ; मुख्य अतिथि माननीय दयाशंकर मिश्र ‘दयालु’, राज्यमंत्री, स्वतंत्र प्रभार, उत्तर प्रदेश शासन और उत्तर प्रदेश हिंदी संस्थान की संपादक डाॅ. अमिता दुबे, विद्याश्री न्यास के न्यासी श्री अरुणेश नीरन, पूर्व प्राचार्य, बुद्ध स्नातकोत्तर महाविद्यालय, कुशीनगर एवं श्री गिरीश्वर मिश्र, पूर्व कुलपति, म. गां. अं. हिं. विश्वविद्यालय, वर्धा द्वारा दीप-प्रज्ज्वलन, माँ सरस्वती और पं. विद्यानिवास मिश्र के चित्र पर माल्यार्पण, आचार्य जयेन्द्रपति त्रिपाठी के वैदिक मंगलाचरण, आचार्य मृत्युंजय त्रिपाठी के घनपाठ, श्री उमापति दीक्षित, आचार्य, केंद्रीय हिंदी संस्थान, आगरा के वैदिक पौराणिक मंगलाचरण एवं पूर्वोत्तर से पधारी सुश्री बीजोमोनी बोरा के बिहू नृत्य के साथ हुआ। आयोजक-मंडल की तरफ से डाॅ. अमिता दुबे ने अतिथियों का भावभीना स्वागत किया। मंचस्थ अतिथियों ने संभावना कलामंच के शिल्पी श्री राजकुमार की स्मृति को समर्पित कला-प्रदर्शनी के साथ ही न्यास के आयोजनों पर आधृत पुस्तकों ‘प्रमुख भारतीय भाषाएँ : समकालीन प्रवृत्तियाँ’ एवं ‘मध्यकालीन कविता : सृजन के नए आयाम’, न्यास की शोध-पत्रिका ‘चिकितुषी’ 2023, पं. विद्यानिवास मिश्र रचनावली (21 खंड) के आवरण-चित्र, प्रो. मंजुला चतुर्वेदी की कविता-पुस्तक ‘एक उम्मीद है दिये की तरह’ एवं श्री धर्मेन्द्र सिंह की पुस्तक ‘भारत-विभाजन और कश्मीर’ को भी लोकार्पित किया। न्यास की तरफ से प्रतिवर्ष प्रदान किए जाने वाले सम्मानों के क्रम में मंचस्थ अतिथियों एवं न्यास के सचिव श्री दयानिधि मिश्र ने इस वर्ष के आचार्य विद्यानिवास मिश्र स्मृति सम्मान से हिन्दी-तमिल भाषा-साहित्य के सेतु-पुरुष श्री एम. गोविंद राजन को, श्रीमती राधिका देवी लोककला सम्मान से प्रख्यात बिरहा-गायक श्री मन्नू यादव को, आचार्य विद्यानिवास मिश्र पत्रकारिता सम्मान से निर्भीक, नवोन्मेषी पत्रकार श्री धर्मेन्द्र सिंह को तथा श्री कृष्ण तिवारी गीतकार सम्मान से श्री हीरालाल मिश्र ‘मधुकर’ को उत्तरीय, नारियल, पंचमाला, पंचपुस्तक, प्रशस्तिपत्र, प्रतीक-चिह्न और सम्मान-राशि से समारोहपूर्वक सम्मानित किया। स्वास्थ्य कारणों से लोककवि सम्मान से सम्मानित हिंदी-भोजपुरी के कवि-कथाकार श्री अनिल ओझा नीरद समारोह में उपस्थित नहीं हो पाए, लेकिन सौभाग्य से वर्ष 2022 के आचार्य विद्यानिवास मिश्र स्मृति सम्मान से प्रसिद्ध गांधीविद श्री विश्वास पाटील और लोककवि सम्मान से भोजपुरी के ललित कवि श्री रविकेश मिश्र को भी इस मंच से सम्मानित करने का अवसर मिला। सम्मान-समारोह को आचार्य श्रीकृष्ण शर्मा ने शंख-ध्वनि से और आचार्य जयेन्द्रपति त्रिपाठी ने स्वस्ति-वाचन से गरिमा प्रदान की। अपने प्रस्तावना-भाषण में श्री अरुणेश नीरन ने अवधारणाओं के पुनराविष्कार के संदर्भ में मध्यकालीन कविता के विविध पक्षों पर पुनः-पुनः विमर्श की आवश्यकता पर प्रकाश डाला। प्रो. आनंदवर्धन, निदेशक, स्टाफ एकेडमिक काॅलेज, बीएचयू ने स्मृति-संवाद के अंतर्गत पंडितजी से जुड़े उन प्रसंगों को याद किया जिनसे भाषा-साहित्य और सभ्यता-संस्कृति को देखने-परखने के नजरिए को विस्तार मिला। मुख्य अतिथि के रूप में बोलते हुए राज्यमंत्री डाॅ. दयाशंकर मिश्र ‘दयालु’ ने कहा कि विद्याश्री न्यास के इस कार्यक्रम में आकर खुद को गौरवन्तित महसूस कर रहा हूँ क्योंकि काशी की पहचान विद्वानों व कलाकारों से है। उन्होंने मध्यकालीन कविता के उस हिस्से का विशेष उल्लेख किया जो काशी से जुड़ा रहा है। कहा कि कबीर, रैदास और तुलसी मध्यकाल की कविता ही नहीं काशी की भी पहचान हैं। विशिष्ट अतिथि श्री राजेश कुमार गौतम ने विमर्श के विषय-चयन के साथ ही साहित्य, संगीत और कला से सम्बंधित विद्वानों के सतत सम्मान के लिए न्यास की प्रशंसा की। दूसरे विशिष्ट अतिथि पद्मश्री कमलाकर त्रिपाठी ने कहा कि एक चिकित्सक के रूप में उनके पास पंडित जी से दुख की भाषा में संवाद का अनुभव है। मध्यकाल की कविता भी एक तरह से इसी दुख की भाषा का संवाद है, और शायद इसीलिए वह मातृभाषा में है। अपने अध्यक्षीय उद्बोधन में सम्पूर्णनंद संस्कृत विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. हरेराम त्रिपाठी ने कहा कि विद्याश्री न्यास के द्वारा समाज के लिए नवाचार के सतत अन्वेषण का जो क्रम चल रहा है उसको शब्दों में नहीं बाँधा जा सकता। उन्होंने प्रभु और प्रेम को समर्पित मध्यकालीन कविता को मनुष्यता के विस्तार की कोशिश के रूप में रेखांकित किया। तुलसी की रामकथा में मनुष्य ही नहीं, बानर-भालू भी आदर पाते हैं , सब जीवों के प्रति राम में दया का बराबर भाव है। तुलसी वर्ण व्यस्थावादी थे लेकिन उनका वर्णव्यवस्थावाद जातिवाद का पर्याय नहीं है। वह समाज के नियमन और अनुकूलन के लिए मार्ग प्रशस्त करता है। धन्यवाद-ज्ञापन के क्रम में प्रो. गिरीश्वर मिश्र ने और सत्र के संयोजन-संचालन के क्रम में डाॅ. रामसुधार सिंह ने विमर्श के आगामी सत्रों के लिए कुछ महत्त्वपूर्ण सूत्रों की तरफ संकेत किए।
दूसरा सत्र पं. विद्यानिवास मिश्र स्मृति व्याख्यान के रूप में ‘मध्यकालीन कविता की भावभूमि’ पर केंद्रित रहा। मुख्य वक्ता श्री श्याम सुंदर दुबे ने अपने विस्तृत व्याख्यान में बताया कि कैसे भक्ति के क्षेत्र में करुणा का भाव प्रेम से तादात्म्य कर मानव-जाति को ईश्वर के निकट करता है, कैसे इस काल में व्यक्ति-बोध की सीमित रेखाएँ धूमिल पड़ जाती हैं और कैसे भक्तिकाल से रीतिकाल तक प्रेम कितने-कितने रूपों में लोक-प्रसार पाता है, लौकिक से अलौकिक और अलौकिक से लौकिक धरातल तक की यात्राएँ करता है। इसी सत्र में बीज वक्तव्य प्रस्तुत करते हुए प्रो. चितरंजन मिश्र ने इस उल्लेख के साथ कि लोहिया ने संस्कृत कविता को महत्त्वपूर्ण कविता और भक्तिकाल की कविता को महान कविता के रूप में रेखांकित किया था, बताया कि मध्यकाल ने जाने कितनी जटिल अवधारणाओं को सहज किया, जनसाधारण की समझ के मुताबिक किया और जीव-जीवन-जगत के लिए जरूरी जाने कितने सूत्रों का संधान किया। अध्यक्षीय उद्बोधन में डाॅ. जितेंद्र नाथ मिश्र ने कहा कि साहित्य के साथ आदिकालीन, मध्यकालीन जैसे विशेषण अध्ययन की सुविधा मात्र के लिए है, वस्तुतः उसकी भावभूमि सदा एक ही रही है, और वह है मुष्यता की भावभूमि जिसे चहुँओर से चुनौतियाँ मिलती रहती हैं, कविता इन्हीं चुनौतियों से टकराती है और मध्यकाल की कविता संभवतः सबसे बेहतर तरीके से टकराती है। इस सत्र का संचालन विदुषी डाॅ. शशिकला पांडेय ने किया।
तीसरा सत्र कबीर, रैदास, जायसी और दादू पर केंद्रित रहा। डाॅ. वंदना मिश्र ने मध्यकाल की स्त्री-चेतना और उस काल में मौजूद कविता के स्त्री स्वर के वैशिष्ट्य को रेखांकित किया। मीरां जैसे स्त्री कवियों के कथ्य ही नहीं उनकी भाषा में भी स्त्री के होने और बोलने को महसूस किया जा सकता है। प्रो. अखिलेश कुमार दुबे ने बताया कि कैसे कबीर ने सामान्य जन को अभय का मंत्र देकर उन्हें अमरत्व का बोध कराया, शास्त्र के गूढ़ सत्य को जनसुलभ बनाया और मनुष्यता की रक्षा के यज्ञ में एक बड़ी भूमिका निभाई। डाॅ. सत्यप्रिय पांडेय ने कहा कि जायसी ने अपने लोकसंग्रह की शक्ति का प्रमाण देते हुए कहावतों के इस्तेमाल से जीवन का समाजशास्त्र उद्घाटित किया है। ऐसा लगता है जैसे वे अवधी कहावतों का इनसाइक्लोपीडिया तैयार कर रहे हों। कवि-आलोचक इन्दीवर ने निर्गुणपंथ की उन विशेषताओं की विशेषतः चर्चा की जो सगुणपंथ से उसकी कथित दूरियों की अवधारणा को खारिज करती हैं। प्रो. बलराज पांडेय ने रैदास के संदर्भ में कहा कि उनकी वाणी में एक निर्मल मिठास है। वे ढपोर संस्कृति के विरुद्ध ढोर संस्कृति को महत्त्व देते हैं। दूसरे संत कवियों से भिन्न स्त्री के प्रति उनकी कविता में अवहेलना का भाव नहीं है। अपने अध्यक्षीय उद्बोधन में प्रो. त्रिभुवननाथ शुक्ल ने बताया कि संत साहित्य अद्वैत की जड़ता को तोड़ता है। संत न तो अभाव में जीता है न प्रभाव में, वह स्वभाव में जीता है। उसका यह स्वभाव देशभाव है, मनुष्यभाव है, संस्कृतिभाव है। संत इन सबका साकार विग्रह है। इस सत्र का संयोजन संत साहित्य के मर्मज्ञ डाॅ. बिजेंद्र पांडेय ने किया।
चौथा सत्र कवि-सम्मेलन के रूप में आयोजित हुआ। इसकी अध्यक्षता पूर्व न्यायाधीश और ख्यात कवि श्री चन्द्रभाल सुकुमार ने की, संयोजन किया प्रसिद्ध गीतकार श्री अशोक सिंह ने। जिन कवियों के सधे हुए काव्यपाठ ने श्रोताओं को मंत्र-मुग्ध किया, उनमें प्रमुख हैं सर्वश्री हरिराम द्विवेदी, गिरिधर करुण, वशिष्ठ अनूप, सुरेन्द्र वाजपेयी, शिव कुमार पराग, ब्रजेश पांडेय, धर्मप्रकाश मिश्र, धर्मेन्द्र गुप्त साहिल, मंजरी पांडेय, सिद्धनाथ शर्मा, सविता सौरभ, अखिलेश कुमार दुबे, बृजेन्द्र कुमार द्विवेदी शैलेश, अशोक कुमार सिंह, ब्रजेश चंद्र पांडेय, घायल, दीपंकर भट्टाचार्य, ऋचा शुक्ल आदि।
आयोजन के दूसरे दिन 15 जनवरी 2023 को सूर, तुलसी, मीरा, नन्ददास, रहीम रसखान और केशव पर केंद्रित पाँचवे सत्र की अध्यक्षता प्रो. दिलीप सिंह ने की। डॉ. नीलम सिंह ने मीरां को विभिन्न पंथों के विवादी स्वरों को समरस करने वाली रागिनी के रूप में रेखांकित किया। डाॅ. प्रेमशीला शुक्ल ने रामराज्य की अवधारणा स्पष्ट करते हुए कहा कि राम विवेक को राजधर्म का मूल मानते हैं, रामराज्य प्रेम का राज्य है, जिसमें समस्त प्रजा विषमता खोकर परस्पर प्रेम की डोर से बँधी है। रामराज्य शासनमुक्त शासन है। प्रो. माधवेन्द्र पांडेय ने केशव का संदर्भ लेते हुए कहा कि उनका मूल्यांकन कुछ बड़े आलोचकों की उद्गारपरक टिप्पणियों और तुलसीदास जैसे महान कवि से तुलना का शिकार हुआ है। उन्होंने केशव पर बातचीत के लिए कविप्रिया और रसिकप्रिया को रामचंद्रिका की तुलना में बेहतर विकल्प बताया। डाॅ. सतीश पांडेय ने रहीम के काव्य-वैभव की चर्चा करते हुए कहा कि रहीम की काव्य-प्रतिभा अनुभव की समृद्धि, लोकजीवन की गहरी समझ, जीवन के प्रति सूक्ष्म अन्वेषण-दृष्टि,विषय-वैविध्य, भाषा की सहजता और शिल्प के अनूठेपन के कारण विशिष्ट है। प्रो. अवधेश प्रधान ने कहा कि श्रीकृष्ण के प्रति भक्ति रसखान को इस जीवन-जगत से काटकर किसी कल्पनालोक में लीन नहीं कर देती, बल्कि चित्त को निःस्वार्थ प्रेम की भूमिका में ले जाकर इस जीवन-जगत से और अधिक जोड़ देती है। प्रो. अनंत मिश्र ने कहा कि आज यह सोचकर आश्चर्य होता है कि कैसा वह व्यक्ति, वह समाज होगा जो कृष्ण और राम की मुस्कान पर अपना सब कुछ कुर्बान कर देता था । व्यक्ति का बेहतर या परम बेहतर होना ही भक्तिकाल की संकल्पना है । कुछ नया करने या अलग करने का भाव ही मनुष्य को मनुष्य बनाता है । जो सौंदर्य की सराहना नहीं कर सकता, वह ईश्वर को भी नहीं पा सकता, क्योंकि जो प्रत्यक्ष सौंदर्य को नहीं निहार सकता, वह परम सौंदर्य को कैसे निहारेगा, कैसे उसकी तारीफ करेगा ! डाॅ. विश्वास पाटील ने श्रीरामचरितमानस को आद्योपांत समन्वय की रसधारा के रूप में रेखांकित किया। तुलसी ने अतीत से सार ग्रहण कर भविष्य के लिए उसे रसग्राही बना दिया। उन्होंने पुरातन परंपराओं का अनादर नहीं किया, जरूरी बदलावों के साथ उन्हें अधिक मूल्यवान जरूर बना दिया है। अपने अध्यक्षीय उद्बोधन में डाॅ. दिलीप सिंह ने सूर का संदर्भ लेते हुए सूरसागर को भक्तिकाव्य के सुमेरु की संज्ञा दी। उन्होंने सूर के पदों में भाषा, समाज और संस्कृति के सुंदर समन्वय पर प्रकाश डालते हुए नवीन सन्दर्भ में ‘सूर के पाठ’ को पढ़ने की आवश्यकता बताई। डाॅ. दिलीप सिंह ने सूर की भाषा अभिव्यंजना-शक्ति और नवीन उद्भवनाओ को भागवत के तुलनीय रखते हुए प्रखर व्याख्या करते हुए शैलीतात्विक और समाजभाषिक निकषों पर भक्तिकाल की रचनाओं के पुनःपाठ पर बल दिया। इस सत्र का सफल संयोजन श्री सत्यप्रकाश पाल ने किया। इस सत्र का एक विशेष आकर्षण था मंचस्थ अतिथियों द्वारा श्री गुलाब चन्द्र, अपर जिला अधिकारी, नगर वाराणसी की पुस्तक ‘कार्यालयी हिंदी एवं कम्प्यूटर’ का लोकार्पण। लेखक ने इस पुस्तक की जरूरत, इसकी रचना-प्रक्रिया और विषय-वस्तु पर एक संक्षिप्त सारगर्भित वक्तव्य भी दिया।
छठा सत्र बिहारी, घनानंद, ठाकुर, बोधा और देव पर केंद्रित था। डॉ. अंजली अस्थाना ने अपनी ठसक के लिए प्रसिद्ध कवि ठाकुर के संदर्भ में कहा कि उन्होंने अपने जीवन के कड़वे अनुभवों के आधार पर जो प्रेम-निरूपण किया है वह अपने आप में अप्रतिम है। ठाकुर एक तरफ रीति-परंपरा के विरुद्ध हैं तो दूसरी तरफ सामाजिक और प्रेम-संबंधी स्वतंत्रता के लिए विद्रोह से भरे हैं। डाॅ. श्यामसुंदर पांडेय ने कहा कि घनानंद का संपूर्ण काव्य निश्छल प्रेम का निरूपण है। वे प्रिय की उपेक्षा को भी वरदान मानकर अपने प्रेम की अनन्यता को अक्षुण्ण रखना चाहते हैं। भगवद्भक्ति में भी वे सायुज्य की जगह सामीप्य की कामना करते हैं। डॉ. निलिम्प त्रिपाठी ने मध्यकालीन कविता में भारतीय आर्ष परंपरा की चरितार्थता रेखांकित की। प्रो. श्रीनिवास पांडेय ने रीतिकाल की विभिन्न प्रवृत्तियों और उनके महत्त्व का उल्लेख किया। अपने अध्यक्षीय उद्बोधन में डॉ. सत्यदेव त्रिपाठी ने पूर्व वक्तव्यों के समाहार के साथ ही अन्य कवियों के प्रदेयों की चर्चा करते हुए ‘रीतिकाव्य में लोक’ विषय पर अपनी बात रखी। उन्होंने लोक शब्द और उसकी यात्रा की विभिन्न संकल्पनाओं का हवाला देते हुए कहा कि आज लोक सिर्फ हमारी निवर्तमान पीढ़ी की यादों में रह गया है। उन्हीं यादों के समानान्तर उन्होंने रीतिकालीन कविता में लोकजीवन के विविध पक्षों को रोचक उदाहरणों से पुष्ट किया। इस सत्र का संचालन अपनी विदग्ध टिप्पणियों के साथ प्रो. नरेन्द्र नाथ राय ने किया।
मतिराम, भूषण, सेनापति, पद्माकर, आलम, गिरिधर कविराय पर केंद्रित सातवें सत्र की अध्यक्षता डाॅ. रामसुधार सिंह ने की। प्रो. परितोष मणि ने राष्ट्रीय चेतना के क्रांतिकारी कवि के रूप में भूषण के मूल्य और महत्ता पर प्रकाश डाला। वीर शिवाजी और छत्रसाल के गौरव-गायक भूषण किसी धर्म के पक्षधर या विरोधी से कहीं ज्यादा धर्मांधता के विरोधी हैं। डाॅ. क्रांतिबोध ने कवि सेनापति के ‘सियापति-सेवक’ होने के गुमान को लक्ष्य करते हुए उनके काव्य में निहित भक्तितत्व को ही नहीं, उनके रीतिगत कौशल को भी रेखांकित किया। डाॅ. दिनेश पाठक ने पद्माकर का संदर्भ लेते हुए उनकी जीवनचर्या के भटकाव के परिप्रेक्ष्य में उनके कवि-कर्म के मूल्यांकन की बात कही। डाॅ. एम. गोविंद राजन ने तमिल और हिंदी साहित्य के भक्ति-संदर्भों का विशेषत: उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि तुलसीदास ने ‘रामचरितमानस’ के माध्यम से एक सम्पूर्ण आदर्श समाज का खाका तैयार किया है जिसकी बुनियाद सामंती जीवन मूल्य है। उन्होंने क्षीण होती वर्ण-व्यवस्था एवं सामाजिक मूल्यों को स्थापित करने का प्रयास किया है। रामकथा के माध्यम से घटनाओं के आलोक में पारिवारिक, सामाजिक आदर्शों को उन्होंने व्याख्यायित करने की कोशिश की है। डाॅ. अशोक नाथ त्रिपाठी ने मतिराम का संदर्भ लेते हुए कहा कि वे पूर्ववर्ती कवियों के कथ्य के नवीकरण और सौंदर्य की मौलिक उद्भावना के सिद्ध कवि हैं। प्रकाश उदय ने आलम की कविता का पाठ शेख और आलम के संयुक्त कवि-कर्म के रूप में करने का प्रस्ताव रखा। अपने अध्यक्षीय उद्बोधन में डाॅ.रामसुधार सिंह ने कहा कि मध्यकालीन कविता भारतीय पुनर्जागरण की कविता है, एक ऐसे समय में जब भारतीय संस्कृति का ह्रास हो रहा था, चारो तरफ से उस पर हमले किये जा रहे थे, साथ ही पाखंड और अंधविश्वास बढ़ते जा रहे थे, राम व कृष्ण के रूप में ऐसे चरित्रों का सृजन किया गया, जिन्होंने तमाम समस्याएँ झेलीं लेकिन सत्य का मार्ग को नहीं छोड़ा। मध्यकाल की कविता ने शोषण पर आधारित संसार के बरक्स हर तरह की विषमता को खारिज करते हुए बेगमपुर, बेगमदेश, वृंदावन, रामराज्य के प्रतिसंसार की रचना की। उन्होंने गिरिधर कविराय के कवि-कर्म की उन विशेषताओं का भी उल्लेख किया जिनके चलते उनकी लोक-प्रसिद्धि यथावत बनी हुई है। इस सत्र का कुशल संचालन डाॅ. रचना शर्मा ने तथा धन्यवाद-ज्ञापन डाॅ. प्रतिभा मिश्र ने किया।
आयोजन के तीसरे और अंतिम दिन 16 जनवरी 2023 का आयोजन मध्यकालीन कविता में लोक की प्रतिष्ठा, खुली चर्चा, पुरस्कार-वितरण और समापन-समारोह लाल बहादुर शास्त्री स्नातकोत्तर महाविद्यालय के पं. पारसनाथ तिवारी नवीन परिसर , नियामताबाद में संपन्न हुआ। मुख्य अतिथि श्री के. सत्यनारायण, अपर पुलिस महानिदेशक, वाराणसी परिक्षेत्र ने कहा कि यह ध्यान रखना चाहिए कि हम सभी इस वसुधा के पात्र हैं, तभी हम लोककल्याण कर पायेंगे । तेलुगु संत कवि की तुलना कबीर से करते हुए कहा कि वे भी कबीर की भाँति मूर्ति पूजा और अंधविश्वास के विरोधी थे। उन्होंने कहा कि आज जिस भी साहित्य की रचना हो रही है वो वर्तमान युग के अनुसार रची जा रही है । मध्यकालीन रचनाओं में लिखा गया सूफ़ी साहित्य कंपोज़िट कल्चर का स्वरूप था, मध्य काल की कविताएँ उस समय के आक्रांताओं के विरोध में उठने वाली जनवाणी थी। मध्यकाल के कवियों ने लोकभाषा में रचना की, ताकि उनकी बात जन-जन तक आसानी से पहुँच सके। के सत्यनारायण ने कहा कि मध्यकालीन साहित्य सामान्य जन को संबोधित है, वह यथार्थवादी है, हालाँकि जीवन-जगत के विभिन्न क्षेत्रों के लिए आदर्श के अनगिनत उदाहरण उसने प्रस्तुत किए। इस क्रम में उन्होंने एक दोस्ताना-सा कायम करते हुए महाविद्यालय के छात्र-छात्राओं से संवाद स्थापित किया, उनके प्रश्नों के उत्तर भी दिए। विशिष्ट अतिथि प्रो. उदय प्रताप सिंह ने कहा कि कर्मठता के साथ संवेदना जब आती है तभी साहित्य का सृजन होता है। भारत की मूल धारा अध्यात्म की है। मध्यकाल में संतों ने लोकधारा के रूप में साहित्य की रचना की है । मध्यकाल के कवियों ने जातिवाद, छूआछूत से जनमानस को बचाने के लिए रचना की । उन्होंने कहा कि भक्ति से समरस समाज का निर्माण होता है। विशिष्ट अतिथि प्रो. वशिष्ठ अनूप ने मध्यकालीन कविता के प्रमुख अवदानों का उल्लेख करते हुए कहा कि बिहारी और देव को लेकर ही मध्यकाल में तुलनात्मक आलोचना की शुरुआत हुई थी। देव की रचनाओं में लोकसामान्य और लोकोत्तर प्रेम और सौन्दर्य का बहुविध चित्रण हुआ है । डाॅ. सुनील कुमार मानस ने मध्यकालीन काव्य के महानायक के रूप में राम और कृष्ण के व्यक्तित्व और शील को संयुक्त रूप से भारतीयता के प्रतिनिधि के रूप में निरूपित किया। डाॅ. प्रणव शास्त्री ने दंतकथाओं में सूरदास और वृंदावन की लोकव्याप्ति को व्याख्यायित किया। प्रो. सुमन जैन ने कहा कि कबीर अपनी रचनाओं के माध्यम से प्रश्न ही नहीं खड़े करते उनके उत्तर भी देते हैं । कबीर की रचनाओं में सांस्कृतिक तत्व प्रेम है, प्रेम ही उनका ज्ञान है, जो एक निर्मल और सहज मानवीय समाज का निर्माण करता है। डाॅ. भारती गोरे ने अनेक उदाहरणों के माध्यम से बताया कि कैसे शास्त्र के बरक्स लोक की चिंता को मध्यक़ालीन कवियों ने प्रस्तुत किया । अध्यक्षीय संबोधन में प्रो. श्रद्धानंद ने कहा कि पं. पारसनाथ तिवारी की विद्याभूमि पर हम सभी पं. विद्यानिवास मिश्र को याद कर रहे हैं यह एक सुखद संयोग है। पं विद्यानिवास जी नवोदित लेखकों को प्रेरित करते हुए उनमें सृजन के बीज बोते थे। आज ऐसे लेखकों की आवश्यकता है जो जनमानस में सकारात्मकता का संचार करें । कहा कि सबसे विचारणीय यह तथ्य है कि संतोष की संस्कृति विलुप्त हो रही है जिससे हमारी सभ्यता का क्षरण हो रहा है । कार्यक्रम का शुभारंभ प्रो. उमापति दीक्षित के पौराणिक मंगलाचरण और समाजशास्त्र की छात्राओं के स्वागत गीत और असम की बीजोमोनी बोरा के बिहू-गायन और बीहू-नृत्य से हुआ । अतिथियों का स्वागत प्रो. उदयन मिश्र ने, संचालन प्रो. इशरत जहां ने किया । धन्यवाद-ज्ञापन करते हुए महाविद्यालय के प्रबंधक श्री राजेश कुमार तिवारी जी ने कहा कि ज्ञानयोग और कर्मयोग से एक नया सृजन होता है, आज का यह आयोजन इसी का मूर्त रूप और हमारे लिए प्रेरणा का स्रोत है। आज के आयोजन में प्रो. इशरत जहां की कविता-पुस्तक नादानियाँ का लोकार्पण भी हुआ । युवा समवाय के अंतर्गत कविता के लिए डाॅ. फ़िरोज़ खान (बीएचयू), आलेख के लिए श्री उदयप्रताप पाल, निबंध के लिए श्री स्नेह द्विवेदी (सभी वाराणसी), कहानी के लिए जीतू कुमार गुप्ता ( असम), सभी विधाओं में प्रस्तुति के लिए कागो मादो (अरुणाचल प्रदेश) और सांस्कृतिक प्रस्तुति के लिए संयुक्त रूप से सुनीता राम (असम) और बीजूमोनी बोरा (असम) को मुख्य अतिथि द्वारा पुरस्कृत किया गया । कार्यक्रम में प्रमुख रूप से प्रो. गिरीश्वर मिश्र, प्रो. सतीश, डाॅ. शशिकला, प्रकाश उदय, प्रो. दयानिधि यादव, प्रो. अरविंद पाण्डेय, डाॅ. वाचस्पति, डाॅ. भावना, डा गुलजबीं, प्रो. संजय, प्रो. अमित, डाॅ. विजयलक्ष्मी, डाॅ. ब्रजेश, डाॅ. धर्मेन्द्र , राहुल, सुनील, सुरेंद्र, अतुल, विनीत आदि के साथ महाविद्यालय के छात्र-छात्राओं की उपस्थिति रही ।
दयानिधि मिश्र
सचिव, विद्याश्री न्यास
अभिलाषा काॅलोनी, वरुणा पुल, नदेसर, वाराणसी-2
मो. नं. 9415776312
ई-मेल dayanidhimisra@gmail.com



